प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रधान पति शिवपूजन पटेल की हत्या कर दिये जाने की घटना से लोगों में गुस्सा है। मामला जेठवारा कोतवाली के नंदा का पुरवा सराय देवराय गांव का है।
मिली जानकारी के मुताबिक 15 मई 2022 को गांव की प्रधान रंजीता पटेल के पति शिव पूजन पटेल एक बारात में शामिल होने गये थे।
बारात से लौटते समय प्रयागराज जिले के सोरांव में अज्ञात हमलावरों ने शिव पूजन पटेल उनके भाई संजय पटेल और साथ श्याम राज शर्मा के ऊपर कातिलाना हमला किया है।
यह घटना लूट के रुप में समझी जाये इसलिए हमलावर उनकी बाइक और मोबाइल भी लूट ले गये थे। इस हमले में प्रधान पति शिव पूजन पटेल मरणासन्न हो गये थे।
इलाज के लिए उन्हें प्रयागराज के एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान 22 मई 2022 की रात शिव पूजन पटेल की मौत हो गयी।
शव गांव में लाया गया तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भारी संख्या में लोग प्रधान रंजीता पटेल के आवास पर जा पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया है।