प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में रविवार 26 जून 2022 की रात से लेकर सोमवार 27 जून की सुुबह तक दो युवकों की हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। पहले आशिक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने गया था। आपत्तिजनक अवस्था में आशिक को उसकी प्रेमिका के पति ने देख लिया। इसके बाद आशिक ने प्रेमिका के पति को दबोच लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आशिक भागने लगा तो गांव के लोगों ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया और इतना पीटा कि उसकी भी मौत हो गयी।
मामला यमुनापार के करछना थाना क्षेत्र अंतर्गत धरी गांव की है। धरी गांव के रहने वाले संतोष कुमार की पत्नी से पचदेवरा गांव के रामबाबू के प्रेम प्रसंग थे। रविवार की रात रामबाबू अपनी प्रेमिका से मिलने संतोष कुमार के घर आया था।
बताते हैं कि संतोष ने अपनी पत्नी को रामबाबू को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया। इस पर रामबाबू ने संतोष को दबोच लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इस बात की जानकारी होने पर गांव के लोग एकत्र हो गये।
गांव के लोगों को जुटता देख रामबाबू भागने लगा तो गांव वालों ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। गांव वालों ने रामबाबू को इतना पीटा की सोमवार सुबह तक उसकी भी मौत हो गयी। घटना को लेकर गांव में सन्नाटा है।
एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि रामबाबू और सौरभ दोनों मजदूरी करते थे। दोनों दोस्त थे। रामबाबू पिछले कई दिनों तक संतोष के ही घर रह रहा था। इसी दौरान रामबाबू के प्रेम प्रसंग संतोष की पत्नी से हो गये। संतोष के भाई बृजेश ने अपनी भाभी और रामबाबू पर संतोष की हत्या करने आरोप लगाया है।