न्यूज़ रात तक रायपुर। थाना आमानाका क्षेत्र के अंतर्गत टाटीबंध स्थित हाईवे ढ़ाबा में मारपीट करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रसपाल सिंग ने थाना आमानाका में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 3 दिसंबर की रात्रि करीब 11.45 बजे वह टाटीबंध रिंग रोड नं 02 स्थित हाईवे ढाबा में खाना खाने गया था। इस दौरान बाजू के टेबल में बैठे एक व्यक्ति ने शराब पीने के लिए जबरन रंगदारी करते हुए 500 रूपये की मांग की। पैसा नहीं देने पर वह व्यक्ति उसके साथ अश्लील गाली गलौच कर रहा था कि गाली गलौच करने से मना करने पर उसके अन्य 11 साथी ने मिलकर हाथ मुक्के एवं लोहे की राड से चोट पहुंचाया, रिपोर्ट पर अरोपियों के विरूद्ध थाना आमानाका मंे अपराध क्रमांक 467/23 धारा 147, 294, 506, 323, 327 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी आमानाका के नेतृत्व में थाना आमानाका पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी एवं ढ़ाबा के कर्मचारियों सहित वहां उपस्थित अन्य लोगों से विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपी अभिषेक गुप्ता, खलेश्वर उर्फ सोनू गुप्ता एवं प्रेम सोना को गिरफ्तार किया गया । वहीं प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।