न्यूज़ रात तक रायपुर लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पूर्व सरकारी अधिकारी की 23 वर्षीय बेटी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। तीन आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। इसमें से दो चाय की दुकान चलाने वाले हैं। वहीं, एक एंबुलेंस चालक है। मामला किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के गेट के पास का है। पांच दिसंबर को इस वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के छह दिन बाद 10 दिसंबर को लड़की के परिजन पुलिस के पास पहुंचे। रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज कराने के 12 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस रविवार- सोमवार की रात को बाजारखाला इलाके से इन तीनों को दबोचा। महिला की ओर से वजीरगंज थाने में केस दर्ज कराया गया। राजधानी के विभूतिखंड इलाके में रहने वाले पूर्व पीसीएस अधिकारी की बेटी के साथ वारदात के बाद पुलिस महकमे ने तेजी से कार्रवाई की।
केजीएमयू में डिप्रेशन का इलाज करा रही पीड़िता
गैंगरेप पीड़िता केजीएमयू में डिप्रेशन का इलाज करा रही है। पांच दिसंबर को वह अस्पताल के बाहर आई थी। इसी दौरान दो चाय दुकानदार और एक एंबुलेंस चालक ने उसे अपनी जाल में फांसा। पुलिस का कहना है कि आरोपी लड़की को कार में बैठाकर घंटों शहर में घुमाते रहे। कथित तौर पर हसनगंज के आईटी क्रॉसिंग और बाराबंकी के सफेदाबाद के बीच वाहन में लड़की के साथ गैंगरेप किया। इससे पहले लड़की को उन लोगों ने नशीला पदार्थ पीने को मजबूर किया था। महिला की ओर से वजीरगंज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के 12 घंटे बाद गिरफ्तारी हुई।
पीड़िता की शिकायत के बाद रविवार को पुलिस ने तीन आरोपियों सत्यम मिश्रा (22), मोहम्मद सुहैल (23) और मोहम्मद आलम (31) के खिलाफ आईपीसी की धारा 376डी (गैंगरेप), 342, 323, 504, 506 के तहत एफआईआर दर्ज की। डीसीपी (पश्चिम) राहुल राज ने कहा कि आरोपियों को रविवार- सोमवार रात करीब 12:45 बजे बाजारखाला इलाके में सुन्नी इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया गया। डीसीपी ने कहा कि लड़की की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण तुरंत केस दर्ज नहीं कराया जा सका।