June 09, 2022 | 634


सुल्तानपुर के त्रिदेव तिवारी की प्रतापगढ़ में की गयी थी हत्या, लावारिश मिला था शव

बेटे की तलाश में भटक रही मां ने कोहड़ौर थाने में शव की तस्वीर देख बेटे त्रिदेव तिवारी के रुप में की शिनाख्त


प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कैथौला गांव के पास सई नदी के ककरहिया घाट पर मिले शव की शिनाख्त सुल्तानपुर के युवक त्रिदेव तिवारी के रुप में की गयी है। यह शिनाख्त त्रिदेव की मां माधुरी देवी ने की है। मां माधुरी के मुताबिक उसके बेटे की हत्या की गयी है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। 

जाने क्या है पूरा मामला

3 जून 2022 को लालगंज कोतवाली क्षेद्ध के कैथौला के पास सई नदी के ककरहिया घाट के पास एक युवक का शव मिला था। शव पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाये गये थे। पुलिस ने शव की पहचान आसपास के लोगों से कराने की कोशिश की पर उसकी शिनाख्त नहीं हो पायी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसका अंतिम संस्कार भी करा दिया। 

ऐसे हुई पहचान 

बेटे की तलाश करती हुई मां माधुरी देवी मंगलवार 7 जून 2022 को कोहड़ौर थाने पर पहुंची। यहां थानाध्यक्ष ने माधुरी को ककरहिया घाट पर मिले शव की तस्वीर को दिखाया। शव की तस्वीर को देखते हुए ही मां ने बेटे त्रिदेव तिवारी को पहचान लिया और वह रोने लगी। मां माधुरी देवी ने बताया कि वह सुल्तानपुर जिले के दरियापुर दुर्गागंज निवासी राम अचल तिवारी की पत्नी है। 

उसका 20 वर्षीय बेटा त्रिदेव तिवारी गुजरात में रहकर नौकरी करता था। कुछ दिन पहले ही वह गुजरात से लौटा था। घर पर दो दिन रुकने के बाद वह अपने ननिहाल अमेठी जिले के रामगंज थानान्तर्गत मंगरा गांव आ गया था। 

यहां से वह 6 जून 2022 को अपने तीन साथियों के साथ लालगंज के लिए निकला था। 7 जून 2022 को उसका शव पाया गया था। पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि इस मामले में पुलिस टीम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है। जल्द ही हत्यारों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। 



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch