February 10, 2026 | 69


T20 WC 2026: भारत-पाक मैच पर बदला रुख, यू-टर्न लेते हुए 15 फरवरी को मुकाबले के लिए राज़ी हुआ पाकिस्तान


स्पोर्ट्स न्यूज़।टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पाकिस्तान सरकार ने अपने पहले के फैसले से पलटते हुए अब भारत के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने का ऐलान कर दिया है। यह मुकाबला 15 फरवरी 2026 को खेला जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि उनकी टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप मुकाबले का बहिष्कार करेगी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते दबाव और कूटनीतिक चर्चाओं के बाद सरकार ने अपने रुख में बदलाव किया।

पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान में बताया गया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस दौरान आईसीसी, पीसीबी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के बीच हुई अहम बैठकों के निष्कर्षों पर भी चर्चा हुई।

सरकारी बयान के अनुसार, बीसीबी द्वारा भेजे गए औपचारिक अनुरोधों पर विचार किया गया, जिन्हें श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों का समर्थन प्राप्त था। इन देशों ने पाकिस्तान से मौजूदा विवाद को खत्म करने में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की थी।

पाकिस्तान सरकार ने बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाईचारे की भावना से व्यक्त की गई कृतज्ञता को स्वीकार किया गया है और पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ एकजुटता के साथ खड़ा रहेगा।

इसी बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच फोन पर बातचीत भी हुई। दोनों नेताओं ने यह याद दिलाया कि कठिन समय में दोनों देश हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने मौजूदा विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने का आग्रह किया।

इन तमाम बहुपक्षीय चर्चाओं और मित्र देशों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान सरकार ने आखिरकार राष्ट्रीय टीम को निर्देश दिया कि वह 15 फरवरी 2026 को होने वाले भारत-पाक मुकाबले में हिस्सा ले।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch